Friday, March 6, 2026
spot_img
Homeधर्मसीतामढ़ी में बनने जा रहा मां जानकी का भव्य मंदिर, सीएम नीतीश...

सीतामढ़ी में बनने जा रहा मां जानकी का भव्य मंदिर, सीएम नीतीश कुमार ने शेयर की डिजाइन

Maa Janaki Mandir: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीतामढ़ी जिले के पुनौरा धाम स्थित मां जानकी मंदिर के पुनर्विकास के लिए प्रस्तावित नई डिजाइन और परियोजना योजना को साझा किया है. इस ऐतिहासिक कदम का उद्देश्य देवी सीता की जन्मस्थली को एक भव्य और आधुनिक तीर्थस्थल में परिवर्तित करना है, जो न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त करेगा, बल्कि बिहार के धार्मिक पर्यटन को भी नई ऊंचाई देगा.

सीएम नीतीश कुमार ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा, “मुझे बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि जगत जननी मां जानकी की जन्मस्थली पुनौरा धाम, सीतामढ़ी को समग्र रूप से विकसित किए जाने हेतु भव्य मंदिर सहित अन्य संरचनाओं का डिजाइन अब तैयार हो गया है, जिसे आपके साथ साझा किया जा रहा है. इसके लिए एक ट्रस्ट का भी गठन कर दिया गया है, ताकि निर्माण कार्य में तेजी आ सके. हमलोग पुनौरा धाम, सीतामढ़ी में भव्य मंदिर निर्माण शीघ्र पूरा कराने हेतु कृतसंकल्पित हैं. पुनौरा धाम में मां जानकी के भव्य मंदिर का निर्माण हम सभी बिहारवासियों के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है.”

 

भव्य मंदिर की झलक अयोध्या की तर्ज पर
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर की डिजाइन साझा करते हुए बताया कि यह अयोध्या के श्रीराम मंदिर की भव्यता से प्रेरित होगी. मंदिर परिसर में भव्य मुख्य मंदिर, विशाल प्रवेश द्वार, परिक्रमा पथ, सीता वाटिका और लव-कुश वाटिका जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक स्थल शामिल होंगे. इसके साथ ही मंदिर प्रांगण में 251 फीट ऊंची मां जानकी की प्रतिमा भी प्रस्तावित है, जो देश की सबसे ऊंची देवी मूर्तियों में एक हो सकती है.

आधारभूत संरचना और विकास योजनाएं
मंदिर और उससे जुड़े परिसर के विकास के लिए लगभग 50 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जा रही है. इस परियोजना के तहत श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग, प्रसाद ग्रहण केंद्र, पर्यटक सुविधा केंद्र, शौचालय, जल आपूर्ति और विद्युत व्यवस्था व विश्राम गृह जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इसके अलावा, राम-जानकी पथ को भी अपग्रेड कर अयोध्या-पुनौराधाम-जनकपुर के धार्मिक मार्ग को सशक्त किया जाएगा.

Advertisement

परियोजना का बजट और समयसीमा
इस परियोजना के लिए प्रारंभिक रूप से 72.47 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं और भविष्य में अतिरिक्त बजट का प्रावधान भी किया जाएगा. निर्माण कार्य 2025-2026 तक पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसका संचालन पर्यटन विभाग द्वारा किया जाएगा.

धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की त्रिमूर्ति
सरकार का यह प्रयास न केवल बिहार की धार्मिक विरासत को संरक्षित करेगा, बल्कि स्थानीय रोजगार, व्यापार और सांस्कृतिक समृद्धि में भी योगदान देगा. यह परियोजना जनकपुर से लेकर अयोध्या तक की धार्मिक चेतना को एक सूत्र में पिरोने का काम करेगी.

Advertisement

मां जानकी के जन्मस्थल पर बन रहा यह भव्य मंदिर केवल एक धार्मिक संरचना नहीं, बल्कि बिहार के गौरव, संस्कृति और पर्यटन का प्रतीक बनने जा रहा है. सरकार की यह पहल भावनात्मक और सामाजिक रूप से ऐतिहासिक साबित हो सकती है.

यह भी पढ़ें- Good News: चुनाव से पहले सीएम नीतीश का बड़ा ऐलान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की राशि अब 1100 रुपये

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments