Sheikh Hasina News: बांग्लादेश की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है, जहां देश की पूर्व प्रधानमंत्री और आवामी लीग की प्रमुख शेख हसीना को अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (ICT) ने छह महीने की जेल की सजा सुनाई है. कोर्ट ने उन्हें न्यायालय की अवमानना के गंभीर आरोप में दोषी ठहराया है. इस ऐतिहासिक फैसले ने बांग्लादेश की राजनीति में भूचाल ला दिया है और यह सवाल उठने लगे हैं कि इस सजा का आने वाले चुनावों पर क्या असर पड़ेगा.
क्या है मामला?
मामला एक कथित लीक ऑडियो क्लिप से जुड़ा है, जिसमें शेख हसीना ने न्यायपालिका और सरकारी वकीलों को लेकर विवादित बयान दिया था. उन्होंने कहा था, “मुझ पर 227 मामले दर्ज हैं, इसका मतलब क्या मुझे 227 लोगों को मारने की छूट है?” इस बयान को कोर्ट ने बेहद गंभीर मानते हुए इसे न्यायपालिका के प्रति असम्मान और अवमानना करार दिया.
कोर्ट का कहना है कि शेख हसीना ने जानबूझकर ऐसे बयान दिए, जिससे अदालती कार्यवाही प्रभावित हो सकती थी और यह सीधे तौर पर न्याय की प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश थी.

कोर्ट का फैसला
तीन सदस्यीय पीठ ने इस मामले की सुनवाई करते हुए शेख हसीना को छह महीने की जेल की सजा सुनाई है. यह सजा तभी से लागू मानी जाएगी जब वे गिरफ्तारी देंगी, या आत्मसमर्पण करेंगी. कोर्ट ने साफ किया कि ऐसी बयानबाजी न केवल न्यायिक गरिमा के खिलाफ है, बल्कि इससे जनता का भरोसा भी डगमगाता है.
राजनीतिक भूचाल
इस फैसले के बाद बांग्लादेश की राजनीति में हड़कंप मच गया है. आवामी लीग के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है. उनका कहना है कि यह साजिश विपक्ष और कुछ विदेशी ताकतों की मिलीभगत से की गई है, ताकि शेख हसीना को आगामी चुनावों से दूर रखा जा सके. वहीं विपक्षी दल इस फैसले को न्यायपालिका की स्वतंत्रता की जीत बता रहे हैं.
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में सरकार गिरने के बाद बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत आ गई हैं. वह फिलहाल नई दिल्ली में सुरक्षित जगह पर रह रही हैं. इस मामले पर भारत सरकार की ओर से कोई औपचारिक टिप्पणी नहीं की गई है.

शेख हसीना को मिली सजा केवल एक अदालती फैसला नहीं, बल्कि बांग्लादेश की राजनीति में एक नया अध्याय है. यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में यह फैसला बांग्लादेश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया, चुनावी समीकरण और न्यायिक व्यवस्था को किस दिशा में ले जाता है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में 4 जुलाई से होगी कृत्रिम बारिश, क्या है योजना और कैसे होगा यह प्रयोग?



