Bhojpur Crime: आरा: बिहार के भोजपुर जिले के आरा शहर में सोमवार की देर रात एक सनसनीखेज घटना घटी, जब अज्ञात बदमाशों ने पटना मेट्रो परियोजना में कार्यरत जूनियर इंजीनियर प्रकाश राय को गोली मार दी. यह घटना टाउन थाना क्षेत्र के शिवगंज दुर्गा मंदिर के पास उस समय हुई, जब प्रकाश राय अपने पिता और भतीजे के साथ एक तिलक समारोह से लौट रहे थे.
घटना रात करीब 10:45 बजे की है. प्रकाश राय को सीने में गोली लगी, जो पीठ में फंस गई. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, वह साहस दिखाते हुए खुद बाइक चलाकर सदर अस्पताल पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना रेफर कर दिया गया. लेकिन परिजनों ने बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया.
प्रकाश राय मूल रूप से हसन बाजार थाना क्षेत्र के सहेजनी गांव के निवासी हैं और वर्तमान में आरा के आनंद नगर मोहल्ले में रहते हैं. उनके पिता आरा-बक्सर के एमएलसी राधाचरण साह के अंगरक्षक बताए जाते हैं.

घायल जेई प्रकाश राय ने बताया कि वह अपने पिता अखिलेश राय व भतीजे के साथ सोमवार की रात नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा में एक तिलक समारोह में शामिल होने बाइक से गए थे. तिलक समारोह के बाद वह अपने घर लौट रहे थे, तभी शिवगंज के पास दो लोगों द्वारा फायरिंग की जा रही थी. फायरिंग के दौरान उन्हें गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना के थानाध्यक्ष देवराज राय और अपर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल से घटना की जानकारी ली. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में जुट गई है.
फिलहाल, हमले के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है. प्रकाश राय ने प्रारंभिक पूछताछ में किसी भी तरह की दुश्मनी या विवाद से इनकार किया है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है, जिसमें निजी रंजिश, रंगदारी या मेट्रो परियोजना से जुड़े विवाद शामिल हैं.

यह घटना आरा में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है, विशेषकर जब यह हमला एक सरकारी परियोजना से जुड़े अधिकारी पर हुआ है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा और इस मामले की गहन जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें- Bihar Crime: कटिहार के डंडखोरा थाने पर हमला, SHO समेत कई पुलिसकर्मी घायल, जवाबी कार्रवाई में चली गोलियां



